सुपौल। भपटियाही थाना परिसर में शनिवार को भूमि विवाद निपटारा को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) धीरज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि दरबार में दोनों पक्षों की कागजातों की गहन जांच के बाद दो मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया।
जनता दरबार में सात नए आवेदन भी प्राप्त हुए, लेकिन आपसी सामंजस्य की कमी और प्रामाणिक कागजातों के अभाव में उनका निष्पादन नहीं हो सका। सीओ धीरज कुमार ने बताया कि भूमि विवाद से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान हर शनिवार को आयोजित इस तरह के जनता दरबार में किया जाता है। दोनों पक्षों की उपस्थिति में दस्तावेजों का अवलोकन कर निष्पक्ष निर्णय लेने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि छोटे-छोटे भूमि विवादों को पंचायती स्तर पर आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश करें, ताकि बेवजह की कानूनी प्रक्रिया और विवाद से बचा जा सके।
इस मौके पर थानाध्यक्ष किशोर कुमार, एएसआई रामराज सिंह, राजस्व कर्मचारी अमित कुमार सहित कई ग्रामीण और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं