सुपौल। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर से वीरपुर नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 स्थित चंद्रगुप्त नगर शाखा मैदान में वीर चंद्रगुप्त संयुक्त विद्यार्थी शाखा का वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य शिक्षक कुणाल कुमार की आज्ञा से की गई, जबकि संचालन की जिम्मेदारी विजय कुमार ने निभाई। गण शिक्षक की भूमिका में राजकुमार, कुंदन कुमार और एकनारायण कुमार मौजूद रहे।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में निःयुद्ध, दंड, दंड योग, व्यायाम योग और योगासन का अनुशासित एवं सामूहिक प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग कार्यवाह भोलेश्वर ने कहा कि संघ की दैनिक शाखा गतिविधियों के माध्यम से व्यक्तित्व का निर्माण होता है। अनुशासन, संस्कार, चरित्र और राष्ट्रभक्ति जैसे गुणों से परिपूर्ण व्यक्ति ही समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देता है। उन्होंने कहा कि ऐसा समाज ही संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन कर सकता है।
इस अवसर पर कोशी विभाग संघचालक बुधेश्वर शर्मा, जिला कार्यवाह लालू प्रसाद लाल, नगर संघचालक अनिल कुमार, जिला बौद्धिक प्रमुख दुर्गानंद झा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, माताएं और बहनें उपस्थित थीं।
कोई टिप्पणी नहीं