सुपौल। राजेश्वरी थाना क्षेत्र के महम्मदगंज पंचायत स्थित शंकरपट्टी गांव में रविवार की रात चोरों ने एक साथ आधा दर्जन घरों में धावा बोल दिया। इस दौरान नगदी और जेवरात समेत करीब पांच से छह लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई है।
सूचना पर राजेश्वरी थाना पुलिस पीड़ित गृहस्वामियों के घर पहुंची और बारी-बारी से घटना का जायजा लिया। पुलिस ने सभी पीड़ितों से सामूहिक रूप से एक लिखित आवेदन देने को कहा और भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द ही उद्भेदन कर लिया जाएगा।
पीड़ित गृहस्वामियों में रामानंद मंडल, अकाली राम, अनिल राम, मनोज कुमार यादव, सुशील यादव और शत्रुघन यादव शामिल हैं। सभी घरों में चोरी का तरीका लगभग एक जैसा था। चोरों ने ट्रंक और बक्से को तोड़कर खेतों में ले जाकर उसमें रखे नकदी और जेवरात की चोरी की। सुबह जब लोग जागे तो घटना का पता चला। आसपास खेत-खलिहान में टूटे बक्से और बिखरे वस्त्र पड़े मिले।
जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान मनोज कुमार यादव को हुआ है, जिनके घर से चोरों ने ट्रंक तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नगदी मिलाकर करीब साढ़े तीन लाख की संपत्ति चोरी कर ली। वहीं, रामानंद मंडल के घर से चदरा का बक्सा तोड़कर 50 हजार नगदी, अकाली राम के घर से नौ हजार नगदी समेत 40 हजार की संपत्ति, अनिल राम के घर से 10 हजार नगदी समेत 30 हजार की संपत्ति, भवानीपट्टी के सुशील यादव के घर से करीब 40 हजार की संपत्ति और शत्रुघन यादव के घर से 30 हजार नगदी व जेवरात समेत 55 हजार की संपत्ति चोरी हुई है।
थाने को दिए आवेदन में पीड़ितों ने चार-पांच लोगों पर संदेह जताते हुए उनके नाम भी दर्ज कराए हैं। पीड़ितों ने पुलिस से छानबीन कर चोरी गई संपत्ति की बरामदगी की मांग की है।
त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के लिए टेक्निकल टीम को लगाया गया है। मामले का विश्लेषण किया जा रहा है और शीघ्र ही उद्भेदन की कार्रवाई की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं