सुपौल। अभियंत्रण सेवा समन्वय समिति वीरपुर के बैनर तले सोमवार की शाम मुख्यालय स्थित कौशिकी भवन के सभागार में अभियंता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभियंताओं ने भारतरत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के जन्मदिन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर 58वां अभियंता दिवस भी धूमधाम से मनाया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि बाढ़ नियंत्रण एवं जल निःसरण के चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश, सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर सह फ्लड फाइटिंग फोर्स के चेयरमैन विष्णुकांत पाठक, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता महेश ठाकुर, सेवानिवृत्त अभियंता ब्रज किशोर राय, अधीक्षण अभियंता कोसी अंचल वीरपुर संजय कुमार, फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के अधीक्षण अभियंता प्रमोद भारती एवं एक्सक्यूटिव इंजीनियर बबन पांडेय को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इसके बाद मुख्य अतिथियों का पौधा, बुके, माला एवं अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने की।
अपने संबोधन में अभियंताओं ने मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को एक महान अभियंता और भारत के गौरवशाली व्यक्तित्व के रूप में याद किया। वक्ताओं ने बताया कि उनका जन्मदिन न केवल भारत में बल्कि तुर्की और तंज़ानिया में भी मनाया जाता है। चीन और जापान यात्रा के दौरान उन्होंने कई उपाधियाँ प्राप्त कीं और भारत लौटकर देश के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 1955 में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उन्हें भारतरत्न से सम्मानित किया था। इस अवसर पर कोसी क्षेत्र के सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।

कोई टिप्पणी नहीं