सुपौल। जिला मुख्यालय स्थित व्यापार संघ सभागार में शनिवार को प्राउटिष्ट ब्लॉक, इंडिया (पीबीआई) द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी का संकल्प, चयनित विधान सभा सीटों और उम्मीदवारों की घोषणा की गई।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. एके भास्कर ने कहा कि बिहार आज भी गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने बताया कि पीबीआई का उद्देश्य प्रउत (प्रगतिशील उपयोग तत्त्व सिद्धांत) के माध्यम से इन चुनौतियों का स्थायी समाधान करना है। यह सिद्धांत महान सामाजिक-आर्थिक चिंतक प्रभात रंजन सरकार द्वारा प्रतिपादित किया गया था।
प्रो. भास्कर ने कहा कि पार्टी राजनीति से अनैतिक लोगों को हटाकर नैतिक और ईमानदार नेतृत्व स्थापित करेगी। उन्होंने अपने एजेंडे में 100% रोजगार के अवसर, निःशुल्क शिक्षा, चिकित्सा और न्याय व्यवस्था, कृषि को उद्योग का दर्जा, बाढ़ की स्थायी समस्या का समाधान, महिला सुरक्षा एवं सम्मान, शराबबंदी का कड़ाई से पालन और आर्थिक लोकतंत्र की स्थापना को शामिल किया।
उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा नहीं, बल्कि अमीरी रेखा लागू की जाएगी, ताकि प्रत्येक नागरिक की क्रय क्षमता बढ़े और संसाधनों का समान वितरण सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर संगठन सचिव ई. अमोद कुमार ने शिक्षा में गिरावट, संस्थानों में अपसंस्कृति और युवाओं की बेरोजगारी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ‘प्रउत’ के सिद्धांतों में इन सभी समस्याओं का समाधान छिपा हुआ है। वहीं, बिहार प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष आचार्य शिवनारायण प्रसाद ने जानकारी दी कि सितम्बर माह में सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
विपिन कुमार ने व्यवस्था परिवर्तन के लिए किसान-मजदूरों को प्रशिक्षित करने और क्रमबद्ध जनआंदोलन की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष गुनसागर साह, मधेपुरा जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव, अर्जुन कुमार अनुज, रविंद्र यादव, शिवकुमार भारती और अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं