सुपौल। बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर, रतनपुर, सातनपट्टी, दिनबंधी सहित विभिन्न पंचायतों में शारदीय नवरात्रि के उपरांत मां दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन गुरुवार की देर रात और शुक्रवार की अहले सुबह श्रद्धा और भक्ति के माहौल में किया गया। इस दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और जगह-जगह जयकारों की गूंज सुनाई दी।
गुरुवार की देर रात मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर बचनु चकला, दुर्गा मंदिर रतनपुर पुरानी बाजार समेत कई स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन संपन्न हुआ। वहीं शुक्रवार की सुबह सार्वजनिक दुर्गा मंदिर साहेवान, नव काली दुर्गा मंदिर समदा और काली दुर्गा मंदिर समदा की प्रतिमा का जलाभिषेक कोसी नदी और राजपुर कैनाल में किया गया।
विदाई के समय महिलाओं ने लोकगीत गाकर मां को नम आंखों से विदा किया, वहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। भक्तों की भावुकता और उमंग का संगम पूरे माहौल को भक्ति और उल्लास से भर रहा था।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान रतनपुर पुलिस बल मुस्तैद रहा और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई। सार्वजनिक दुर्गा मंदिर साहेवान पूजा समिति के अध्यक्ष सुशील मेहता ने बताया कि वर्षों से यहां माता की पूजा होती आ रही है और भक्तों की अटूट आस्था कायम है। उन्होंने कहा कि मनोकामनाएं पूर्ण होने पर श्रद्धालु महानवमी के दिन दंड प्रणाम कर पूजा-अर्चना करते हैं। दशमी के दिन कलश विसर्जन कर कोसी नदी में जलाभिषेक भी संपन्न हुआ।
विजयादशमी के अवसर पर मंदिर प्रांगण में भव्य मेले का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मौके पर जिप सदस्य अर्चना मेहता उर्फ किरण कुशवाहा, जवाहर ऋषिदेव, रौशन मेहता, किशोर ठाकुर, ललन ठाकुर, रोहित मेहता, मुकेश पाल, संतोष मुखिया, अनिल पौद्दार, रोशन कुमार मुखिया, रामलखन मेहता, लालू कुमार, सुनील कुमार, बबन मेहता, संदीप कुमार, धीरेंद्र मेहता, जितेंद्र कुमार, नारायण मेहता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं