सुपौल। नदी थाना क्षेत्र के रसुआर गांव से पुलिस ने गुरुवार देर शाम मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा उर्फ संतोष कुमार को शराब के साथ गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि अभिषेक मिश्रा को रसुआर दुर्गा मंदिर मेला परिसर से नेपाल निर्मित 375 एमएल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की बोतल के साथ पकड़ा गया। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने के आरोप में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी की खबर के बाद राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में हलचल बढ़ गई। MSU के प्रदेश नेतृत्व ने तुरंत बयान जारी कर स्पष्ट किया कि अभिषेक मिश्रा का संगठन से कोई संबंध नहीं है और अब वह अपनी व्यक्तिगत गतिविधियों के लिए स्वयं जिम्मेदार हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शराब के साथ गिरफ्तार होना उनके छात्र नेता छवि पर बड़ा धब्बा है। संगठन ने भी नियम और कानून के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाया।
सुपौल और कोसी क्षेत्र में नेपाल सीमा से अवैध शराब की तस्करी अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं