सुपौल। पिपरा प्रखंड के तेतराही स्थित बाबा बुलंदी स्थान में आयोजित होने वाले श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीराम–जानकी विवाह उत्सव की शुरुआत रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। 1101 कन्याओं ने गाजे–बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा निकाली, जिसने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना दिया।
कलश यात्रा बाबा बुलंदी स्थान से शुरू होकर एनएच-106 के बाजार मार्ग से होते हुए कमालपुर पुल के समीप स्थित परवाने नदी तक पहुंची, जहां कन्याओं ने पवित्र जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल लौटकर कलश स्थापित किया।
यज्ञ एवं मेला समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि अन्य वर्षों की तरह इस वर्ष भी आयोजन की सभी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2025 को श्रीराम–जानकी विवाह उत्सव का भव्य आयोजन होगा, 2 दिसंबर 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक अयोध्या एवं मथुरा से आए संत-महात्माओं द्वारा प्रवचन दिया जाएगा।
1 दिसंबर से 10 जनवरी तक विशाल मेला लगेगा, जिसमें झूला, सर्कस, मिनी माउस झूला, ब्रेक डांस झूला, मीना बाजार और प्रत्येक रात रामलीला का मंचन किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर प्रीतम कुमार, राजेश रमन देवेंद्र शाह, कमलेश पांडेय, महेश शर्मा, ठाकुर पारसमणि, सुभाष कुमार, विकास कुमार, रामचंद्र पासवान सहित कई स्थानीय लोग एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं