सुपौल। बसंतपुर प्रखंड के रतनपुर पंचायत अंतर्गत रतनपुर पैक्स परिसर में गुरुवार को 1000 मैट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक गोदाम का उद्घाटन सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत ने फीता काटकर किया। इससे पूर्व सांसद ने 72 लाख 67 हजार 954 रुपये की लागत से निर्मित इस गोदाम के शिलापट्ट का अनावरण भी किया। उद्घाटन के बाद सांसद ने गोदाम के भीतर जाकर पैक्स अध्यक्ष संतोष मेहता, बसंतपुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल खेड़वार तथा बसंतपुर बीसीओ रोशन कुमार सिंह से गोदाम की क्षमता एवं संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी ली।
गोदाम उद्घाटन को लेकर पैक्स परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां पंचायत के मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष संतोष मेहता ने सांसद दिलेश्वर कामत को गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। वहीं पंचायत के शास्त्री जी ने बीसीओ रोशन कुमार सिंह का सम्मान किया। सरपंच कृष्णदेव गोईत ने जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह बसंतपुर पैक्स अध्यक्ष अनिल कुमार खेड़वार का स्वागत किया, जबकि बायसी पैक्स अध्यक्ष चंदन कुमार का स्वागत तपेश्वर मिश्रा ने गुलदस्ता भेंट कर किया।
अपने संबोधन में पैक्स अध्यक्ष संतोष मेहता ने कहा कि किसानों की उपज के रख-रखाव एवं भंडारण की व्यवस्था सरकार और सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने इस ऐतिहासिक एवं गौरवमयी अवसर पर संसदीय दल के नेता सह लोकसभा सांसद दिलेश्वर कामत के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही बीसीओ रोशन कुमार सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल खेड़वार, बायसी पैक्स अध्यक्ष चंदन मेहता, युवा जदयू प्रखंड अध्यक्ष बालकृष्ण यादव एवं विनोद महतो का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि पहले से मौजूद 700 मैट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम के साथ अब 1000 एमटी का नया गोदाम जुड़ जाने से कुल भंडारण क्षमता 1700 मैट्रिक टन हो गई है, जो किसानों के लिए समर्पित है।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल खेड़वार ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि रोडमैप के तहत 1000 एमटी गोदाम का उद्घाटन किया गया है। पैक्स अध्यक्ष संतोष मेहता के अथक प्रयासों से आज रतनपुर पैक्स को इतनी बड़ी उपलब्धि मिली है। उन्होंने कहा कि संतोष मेहता के पिता के कार्यकाल में भी उन्हें साथ काम करने का अवसर मिला था और उनके परिवार की पहचान सेवा व समर्पण से जुड़ी रही है, इसी कारण आज पूरे बिहार में रतनपुर पैक्स का नाम जाना जाता है।
अपने संबोधन में सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा कि आज रतनपुर के लिए खास दिन है। अब यहां के किसानों को अनाज भंडारण में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य बाजार मूल्य से लगभग 500 रुपये अधिक निर्धारित किया गया है, इसलिए किसानों को चाहिए कि वे अपने धान का भंडारण पैक्स के माध्यम से करें, जिससे किसान और सरकार दोनों को लाभ हो। सांसद ने यह भी कहा कि पूरे बिहार में इस तरह के गोदामों की संख्या मात्र नौ है, जिसमें एक रतनपुर में भी उपलब्ध कराया गया है, जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि पैक्स अध्यक्ष संतोष मेहता को जिला अनुश्रवण समिति (दिशा समिति) का सदस्य बनाया गया है, जिससे वे जिले में संचालित योजनाओं की निगरानी कर सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने गोदाम निर्माण को क्षेत्र के कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कोई टिप्पणी नहीं