सुपौल। वीरपुर अनुमंडल अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची 123 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं भीमनगर स्थित बसंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में 25 गर्भवती माताओं की जांच की गई। इस प्रकार कुल 148 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
अनुमंडल अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं तथा उनके गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल करना एवं कुपोषण से बचाव करना है। उन्होंने बताया कि नियमित जांच से गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं की समय रहते पहचान की जा सकती है।
शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, एचआईवी, जीडीएम (गेस्टेशनल डायबिटीज मेलिटस) एवं वजन की जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकता के अनुसार आयरन, कैल्शियम सहित अन्य आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही महिलाओं को पोषण युक्त आहार लेने की सलाह भी दी गई।
स्वास्थ्य प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि जिन गर्भवती महिलाओं में जीडीएम के तहत ब्लड शुगर का स्तर अधिक पाया गया है, उन्हें हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया है, क्योंकि इससे शिशुओं के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे मामलों में विशेष निगरानी एवं नियमित फॉलोअप किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं