सुपौल। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में तथा नीट छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बसंतपुर जगदीश प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में वीरपुर गोल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने पप्पू यादव की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। वक्ताओं का कहना था कि नीट छात्रा के साथ हुई रेप व हत्या के मामले में संलिप्त सफेदपोश एवं मंत्री पुत्र के खिलाफ आवाज उठाने के कारण ही पप्पू यादव की गिरफ्तारी द्वेषपूर्ण कार्रवाई के तहत की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जब तक पप्पू यादव की रिहाई नहीं होती और नीट छात्रा को न्याय नहीं मिलता, तब तक सदन के भीतर और बाहर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
कार्यक्रम में परमेश्वर सिंह यादव, डॉ. रमेश प्रसाद यादव, समशेर आलम, प्रदेश प्रतिनिधि मुकेश कुमार पप्पु, विनोद कुमार यादव, मो. अंसार, नगर अध्यक्ष अनीश अख्तर, जयबोध झा, श्रीलाल गोठिया, मो. मुस्ताक, कृष्णानंद भिंडवार, मिन्नत खान, शैलेंद्र कुमार यादव, फिरोज आलम, अशोक मेहता, मो. सलीम, मनोज पंडित, मो. अफजल, सदानंद पासवान, सकलदेव पासवान, शाहजमाल उर्फ लाल मुखिया, पवन मिश्रा, राधेश्याम, अलाउद्दीन सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं