सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित पचास पुला के समीप एनएच-27 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल की पहचान विशनपुर दौलत पंचायत निवासी कुशेश्वर शर्मा के रूप में की गई है, जो उत्क्रमित मध्य विद्यालय भगता टोला, विशनपुर दौलत में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशेश्वर शर्मा किसी आवश्यक कार्य से सिमराही बाजार गए थे और कार्य समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिमराही की ओर से आ रहे ट्रैक्टर संख्या बीआर-38जी-8878 ने उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या बीआर-38ई-3027 को सामने से टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल शिक्षक को उठाकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण शिक्षक की हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सतर्कता से ट्रैक्टर चालक फुलकाहा थाना क्षेत्र के नवाबगंज निवासी महेश यादव को ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और पुलिस टीम ने घायल शिक्षक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस संबंध में राघोपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना प्राप्त हो चुकी है, हालांकि अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होते ही ट्रैक्टर चालक एवं संबंधित वाहन के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं