सुपौल। राघोपुर थाना परिसर के बगल में स्थित बुलेट मोटरसाइकिल सर्विस सेंटर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने रविवार की रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान की चदरा लगी दीवार काटकर भीतर प्रवेश किया और हजारों रुपये के कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित दुकानदार राकेश कुमार, निवासी गद्दी, राघोपुर पंचायत ने बताया कि वे सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और बगल की दीवार कटी हुई थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया।
दुकानदार के अनुसार चोर करीब 90 हजार रुपये मूल्य के सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामानों में इन्वर्टर, मोटरसाइकिल के विभिन्न पार्ट्स, लाइट, सीट सहित कई जरूरी उपकरण शामिल हैं। राकेश कुमार ने बताया कि यही सर्विस सेंटर उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और चोरी की घटना से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदार से पूछताछ की तथा आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
इधर, थाना के बिल्कुल समीप चोरी की घटना होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना के बगल की दुकान सुरक्षित नहीं है, तो अन्य दुकानों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है।

कोई टिप्पणी नहीं