सुपौल। पिपरा अंचल कार्यालय परिसर स्थित टीपीसी भवन में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में कुल सात नए आवेदन प्राप्त किए गए, जबकि दो पुराने मामलों का निष्पादन किया गया। यह जनता दरबार सरकार के निर्देश पर प्रत्येक शनिवार को आयोजित किया जाता है, जिसमें अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष की संयुक्त मौजूदगी में भूमि संबंधी मामलों का समाधान किया जाता है।
शनिवार को आयोजित जनता दरबार में अंचलाधिकारी उमा कुमारी एवं थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा उपस्थित रहे। इस दौरान जमीन से जुड़े छोटे-मोटे विवादों का दोनों पक्षों की सहमति से निष्पादन किया गया। वहीं जटिल एवं गंभीर मामलों में फरियादियों को सक्षम न्यायालय जाने की सलाह दी गई।
अंचलाधिकारी उमा कुमारी ने बताया कि भूमि विवाद के कारण लोग आपसी झगड़े और मारपीट तक पहुंच जाते हैं, जिससे दोनों पक्षों को नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाले फरियादियों को निर्धारित समय पर विधिवत नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है। अंचल स्तर पर निपटाए जा सकने वाले मामलों का यथासंभव निष्पादन किया जाता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन से संबंधित मामलों में हिंसा या झगड़े का सहारा न लें, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि जनता दरबार के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है और फरियादियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

कोई टिप्पणी नहीं