Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

त्रिवेणीगंज : पंचायत समिति की सामान्य बैठक, विकास योजनाओं की समीक्षा




सुपौल। त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित स्वच्छता कार्यालय में शनिवार को पंचायत समिति सदस्यों की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख काजल देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती ने किया। बैठक में दिलीश्वर कामत भी शामिल हुए।

बैठक में मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आपूर्ति, बाल विकास परियोजना, कृषि सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। पंचायत समिति सदस्यों ने अलग-अलग विभागों से संबंधित मुद्दों पर अधिकारियों से सवाल-जवाब किए। हालांकि बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं प्रस्तावित की गईं।

सांसद दिलीश्वर कामत ने योजनाओं के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और सही पात्रों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य जहांगीर आलम ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वहां मनमानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन का दाखिल-खारिज भी अंचलाधिकारी द्वारा किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने इस मामले में प्रशासन से गंभीर पहल की मांग की।

वहीं पंचायत समिति सदस्य बोधि यादव ने पोषण योजना के समुचित क्रियान्वयन पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई आंगनबाड़ी केंद्र सेविका के घरों या खेत-खलिहान में संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग से इस दिशा में ठोस कार्रवाई की मांग की।

बैठक में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रजनी गुप्ता, मनरेगा पीओ हिमेश कुमार, हेल्थ मैनेजर मोहम्मद अदीब, उपप्रमुख गुड्डू ओमप्रकाश, मुखिया राजेश यादव, अन्नू अग्रवाल, रामानंद यादव सहित पंचायत समिति सदस्य अशोक यादव, मोहम्मद जमील, जयकुमार यादव एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं