सुपौल। पिपरा प्रखंड के टीपीसी भवन में शनिवार को पंचायत समिति की बैठक शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। प्रमुख कंचन देवी की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख बबलू चौधरी ने की, जबकि अन्य कार्यवाही बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र पंडित ने संचालित की।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पंचायत समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और विकास से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
कई सदस्यों ने पंचायत सरकार भवन नियमित रूप से नहीं खुलने की समस्या बीडीओ के समक्ष रखते हुए इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि पंचायत सरकार भवन बंद रहने से आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में परेशानी होती है।
इसके अलावा बैठक में सड़क अतिक्रमण का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि कई स्थानों पर सड़कों पर अतिक्रमण होने से आवागमन बाधित हो रहा है तथा दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
बैठक के दौरान कुछ सदस्यों ने क्षेत्र में सार्वजनिक विवाह भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन को लेकर भी चर्चा की। उनका कहना था कि विवाह भवन बनने से आम लोगों को सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में काफी सुविधा मिलेगी।
सदस्यों ने कुछ पदाधिकारियों की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध विधिवत कार्रवाई की मांग भी की। उन्होंने प्रशासन से जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देने और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
बैठक में प्रमुख प्रतिनिधि निशांत कुमार, अंचलाधिकारी उमा कुमारी, थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा, पंचायती राज पदाधिकारी मणिकांत कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार चंद्रा सहित कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा भी की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कोई टिप्पणी नहीं