सुपौल। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित अग्निकांड एवं लू (हीट वेव) के खतरे को देखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सतर्कता बरतने और समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विभागीय एसओपी के अनुरूप अग्निशमन, पीएचईडी, स्वास्थ्य, पशुपालन, विद्युत विभाग एवं नगर निकाय के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से नगर निकायों को आम लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए होर्डिंग और बैनर के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने तथा विभिन्न स्थानों पर प्याऊ (पेयजल) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक स्तर पर ऐसे स्थानों की पहचान करें, जहां से किसी भी अग्निकांड की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए कम समय में घटनास्थल तक पहुंचा जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि अग्निकांड या किसी भी आपदा से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर अनुदान राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वहीं, पीएचईडी विभाग को जिले के सभी चापाकलों की जांच कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06473-224005 सक्रिय है। आमजन किसी भी आपात स्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त सारा असरफ, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, आपदा प्रबंधन प्रभारी पदाधिकारी मुकेश कुमार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं