Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

त्रिवेणीगंज : गोबिंदपुर में भीषण आग, सात घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति नष्ट

 


सुपौल। जदिया थाना क्षेत्र के नंदना पंचायत अंतर्गत गोबिंदपुर वार्ड संख्या-02 में मंगलवार की दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में सात घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते घरों में रखा नगद, जेवरात, बाइक, बकरी, अनाज, बर्तन, फर्नीचर व कपड़े समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में एक घर में बिजली के तार से अचानक चिंगारी निकली, जिसके बाद आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठते देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टी, पंपसेट और मोटर के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका।

आगजनी में विनय रजक के घर में रखा नगद, जेवरात और एक बाइक जलकर राख हो गया। सुबोध ऋषिदेव के घर का नगद व जेवरात नष्ट हो गया। प्रमोद रजक के घर में रखा नगद व जेवरात भी जल गया। वहीं नंदन रजक के घर में खड़ी एक बाइक, दो बकरी और दो मोबाइल फोन आग की भेंट चढ़ गए। अनमोल रजक के घर में रखा नगद, जेवरात, तीन बकरी और एक बाइक जलकर राख हो गई। इसके अलावा सभी प्रभावित परिवारों के घरों में रखा अनाज, बर्तन, फर्नीचर, कपड़ा व दैनिक उपयोग की सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।

इस भीषण अगलगी के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि आगलगी की घटना में कुल सात घर जले हैं। प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कराया जा रहा है तथा सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं