सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोशी बांध के भीतर मौजहा पंचायत के वार्ड नंबर 7 में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार मौजहा पंचायत निवासी शिव कुमार शर्मा की लगभग साढ़े तीन वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी शनिवार शाम चापाकल पर पानी पीने जा रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन एवं स्थानीय लोगों ने बच्ची को तुरंत इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत में मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था, इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मासूम बच्ची की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम का माहौल है।

कोई टिप्पणी नहीं